कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत महाविद्यालय एवं स्कूली विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निर्वाचन संबंधी गतिविधियों के अंतर्गत विद्यालयों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा निष्पक्ष मतदान के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराने के साथ ही भविष्य में जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समझ विकसित करना और मतदान के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
