मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प अभियान-2026 को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 2 से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा समूहों, महिला समूहों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से सेवा, स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व और जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम का नोडल विभाग योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग है।

प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले सेवा संकल्प अभियान में नागरिकों को केवल शासकीय योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि अपने गांव, नगर और समाज के विकास में सक्रिय सहभागी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।

25 गतिविधियों में से हर जिले में होंगी कम से कम 10 गतिविधियां

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के लिए 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां चिन्हित की गई हैं। प्रत्येक जिला स्थानीय आवश्यकता और परिस्थितियों के अनुरूप इनमें से कम से कम 10 गतिविधियों का चयन कर उनका आयोजन करेगा। इन गतिविधियों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नागरिक और संस्थाएं अपनी सहभागिता के फोटो, वीडियो और रील भी निर्धारित डिजिटल माध्यमों पर साझा कर सकेंगे।

आंगनवाड़ी से लेकर जल संरक्षण तक सेवा का व्यापक दायरा

अभियान अंतर्गत ‘आंगनवाड़ी का सेवा उजाला’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और बच्चों एवं माताओं के लिए बेहतर वातावरण निर्माण में जनसहयोग लिया जाएगा। ‘आंगन का सम्मान’ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करने तथा बच्चों और माताओं के साथ सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

‘सेवा मित्र’ के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट-गाइड, युवा समूहों और स्वयंसेवकों को समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा स्पर्धा’ के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताओं और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से सेवा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाएगा।

‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम से शासन की योजनाओं और सामाजिक सहभागिता से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की प्रेरक कहानियां प्रसारित की जाएंगी। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ से ग्राम, विकासखंड और जिला स्तर पर जन-जागरूकता यात्राएं निकालकर सेवा, सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

‘जल-जागरण’ अंतर्गत जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी। ‘सेवा-संकल्प योगदान’ के माध्यम से नागरिकों को अपनी क्षमता और रुचि के अनुरूप चिन्हित सेवा गतिविधियों में प्रत्यक्ष योगदान का अवसर मिलेगा।

योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने में बनेगा ‘सेवा सेतु’

‘सेवा सेतु अभियान’ अंतर्गत सेवा केंद्र स्थापित कर नागरिकों को केंद्र और राज्य शासन की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं और पात्र हितग्राहियों के बीच प्रभावी सेतु तैयार करना है।

इसी तरह ‘सेवा के रंग एवं राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति द्वारा सेवा एवं संस्कार की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यार्थियों, युवाओं, स्टार्ट-अप, व्यावसायिक संस्थानों और नवप्रवर्तकों को सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

समाज के हर वर्ग की होगी भागीदारी

‘सेवा मेरा योगदान’ में जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, युवा समूहों, महिला समूहों, वरिष्ठ नागरिकों और सामान्य नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य सेवा को किसी एक विभाग या संस्था तक सीमित न रखकर सामूहिक नागरिक उत्तरदायित्व और सामाजिक चेतना का हिस्सा बनाना है।

डिजिटल माध्यम से सामने आएगा सेवा का प्रभाव

अभियान में आयोजित गतिविधियों का फोटो और वीडियो अभिलेखीकरण किया जाएगा। नागरिकों को अपने सेवा अनुभव और गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सेवा कार्यों के ‘पहले और बाद’ के दृश्य भी साझा किए जा सकेंगे, ताकि जनभागीदारी से आए वास्तविक बदलाव को सामने लाया जा सके।

‘सेवा मेरा योगदान’ का मूल संदेश है कि प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता, समय और रुचि के अनुसार समाज के लिए कुछ न कुछ योगदान दे। शासन और समाज की साझी भागीदारी से किया गया छोटा प्रयास भी सामूहिक रूप से बड़े बदलाव का आधार बन सकता है।