गांधी जयंती से राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का आयोजन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी नौ गतिविधियां प्रदेश में आयोजित की जाएंगी। अभियान का मूल उद्देश्य सेवा को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की स्थायी भावना में बदलना है।
इसके लिए जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। अभियान के तहत ग्वालियर जिले में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। ग्वालियर शहर में 2 अक्टूबर को महात्मा गाँधी की 157वी जयंती के अवसर पर 2 से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह प्रारंभ होगा। 2 अक्टूबर को प्रात: 7 बजे से 9 बजे तक विवेकानंद चौराहा चेतकपुरी से कटोराताल ग्वालियर तक नशामुक्ति जागरूकता रैली आयोजित की जायेगी।
इस रैली में स्कूल एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी एवं खिलाड़ी शामिल होकर नशा मुक्त जागरूकता अभियान रैली में सहभागिता करेंगे। इसके साथ ही नगर निगम के माध्यम से स्वच्छता अभियान, चित्रकला, प्रदर्शनी एवं सामूहिक पौधरोपण भी किया जायेगा। 3 अक्टूबर को नगरीय निकायों में स्वच्छता अभियान के तहत शहर के सभी वार्डों में स्वच्छता के कार्य जनभागीदारी के साथ किए जायेंगे। 4 अक्टूबर को जिले में वृद्धाश्रम और अनाथालयों में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद, स्वास्थ्य परीक्षण के कार्यक्रम होंगे। 6 अक्टूबर को शहर के शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगीं। अभियान के तहत 9 अक्टूबर को “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में पौधरोपण एवं रोपे गए पौधों का संरक्षण की पहल की जायेगी। 10 अक्टूबर को जिले में जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण करने के साथ-साथ सक्षम नागरिकों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा में दीर्घकालिक सहयोग दिलाने की पहल की जायेगी।
