शासन के निर्देशानुसार दीपावली पर्व के आगामी दिवस सोमवार को गोवर्धन पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अजयगढ़ विकासखंड की देवगांव स्थित सिद्धनाथ गौशाला में संपन्न हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम में पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने गोवर्धन एवं गौपूजन कर गौसेवकों को सम्मानित किया। गोपाल कृष्ण पुरुस्कार के विजेता पशुपालकों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी विरासत के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प भी है। वास्तव में गौ सेवा से कई चीजें जुड़ती हैं। गोवर्धन पूजन घर घर की पूजा होने के साथ ही जैविक व प्राकृतिक खेती एवं पर्यावरण सुधार की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को नस्ल सुधार के साथ गायों की सुरक्षा एवं सेवा का जरिया बनाने की आवश्यकता है। आगामी समय में पन्ना में गौ अभयारण्य शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी गौशालाओं को सुविधा सम्पन्न बनाने के साथ मां की भांति ही गौ सेवा भी जरूरी है। गोवर्धन पूजा इस परंपरा को जीवंत रखने का माध्यम है। पन्ना विधायक ने कहा कि अजयगढ़ में पशुपालन की व्यापक संभावना है। स्थानीय स्तर पर किसानों की आय में बढ़ोत्तरी के उद्देश्य से दुग्ध समितियों का गठन भी किया जा रहा है। विधायक द्वारा कार्यक्रम के अवसर पर सिद्धबाबा स्थल में सीढ़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की राशि भी स्वीकृत की गई। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सीता गुप्ता एवं संतोष यादव सहित जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, उप संचालक डॉ. जितेंद्र गुप्ता एवं संजय सिंह परिहार भी उपस्थित रहे।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग
अजयगढ़ के देवगांव गौशाला में हुआ गोवर्धन पूजन का जिला स्तरीय कार्यक्रम पन्ना विधायक ने पुरस्कार विजेता पशुपालकों को वितरित किए प्रमाण पत्र
पन्ना · 9 नवंबर 2026 · 2 मिनट
खास बातें
- गोपाल कृष्ण पुरुस्कार के विजेता पशुपालकों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
- स्थानीय स्तर पर किसानों की आय में बढ़ोत्तरी के उद्देश्य से दुग्ध समितियों का गठन भी किया जा रहा है।
- विधायक द्वारा कार्यक्रम के अवसर पर सिद्धबाबा स्थल में सीढ़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की राशि भी स्वीकृत की गई।

