राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 2026 एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कृमिनाशक दवा सेवन अभियान आयोजित किया जाएगा। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 06 अक्टूबर 2026 तथा मॉप-अप दिवस 09 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को लक्षित किया गया है। जिले का कुल लक्ष्य 5,66,171 है।

वहीं 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 40 प्रतिशत कवरेज के आधार पर 88,495 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सीहोर डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, पंचायत राज एवं तकनीकी शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

जिला स्तर पर समन्वय एवं अनुश्रवण की व्यवस्था की गई है तथा विकासखंड स्तर पर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक

एक से दो वर्ष तक 200 मि.ग्रा. की आधी गोली, पीसकर पानी में घोलकर दी जाएगी। दो से तीन वर्ष तक 400 मि.ग्रा. की एक पूरी गोली, पीसकर पानी में घोलकर दी जाएगी। तीन से 19 वष मे 400 मि.ग्रा. की एक पूरी गोली चबाकर स्वच्छ पेयजल के साथ दी जाएगी तथा 20 से 49 वर्ष तक 400 मि.ग्रा. की एक पूरी गोली चबाकर दी जाएगी। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को कृमि मुक्ति दिवस पर शामिल नहीं किया जाएगा।

06 अक्टूबर को दवा सेवन से छूटे हुए बच्चों एवं पात्र महिलाओं को 09 अक्टूबर 2026 के मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर दवा सेवन एवं रिपोर्टिंग का निर्धारित अभिलेख संधारित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित विभागों से अभियान के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।