मध्य प्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘‘नमो युवा शक्ति पुरस्कार वितरण समारोह’’ का भव्य आयोजन किया गया। जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव श्री संदीप यादव एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा कोठी नंबर 26, फतेहपुर रोड, शिवपुरी में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं उनके परिवार के जेन-जी युवाओं हेतु आयोजित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर केक काटा गया तथा 76 गुब्बारे छोड़कर उत्सव का शुभारंभ किया गया।
सेवा पखवाड़े के तहत जनसेवा का लें संकल्प- प्रमुख सचिव श्री यादव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव एवं जिले के प्रभारी श्री संदीप यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का संपूर्ण जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्हीं की प्रेरणा से लगातार एक माह तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
इसमें चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और रक्तदान शिविर जैसी अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनसे हमारा सेवा का संकल्प और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ समाज सेवा में योगदान देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनसेवा के इस महाअभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
विविध खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन समारोह के पूर्व स्व-सहायता समूहों की सदस्यों एवं उनके परिजनों के बीच विभिन्न रचनात्मक, खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमआयोजित की गईं। इनमें मेहंदी, रंगोली, एकल संगीत, चम्मच रेस, कुर्सी रेस (चेयर रेस), कैरम बोर्ड, रस्सी खींच तथा समूह गान जैसी विविध स्पर्धाएँ शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल की महिलाओं एवं युवाओं की प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतिभाशाली विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से किया गया पुरस्कृत समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। जिसमें कैरम बोर्ड प्रतियोगिता में शिवपुरी के ग्राम मुढैरी निवासी विनीता जादौन ने प्रथम, ग्राम मूगरीपुरा की रुक्मणी जाटव ने द्वितीय तथा पिछोर के ग्राम मनपुरा की खुशबू प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चेयर रेस में करैरा की रिंतू यादव ने प्रथम, नरवर की राजेश्वरी जाटव ने द्वितीय तथा खनियाधाना की सुनीता यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रस्सी खींच में शिवपुरी की टीम ने प्रथम, बदरवास की टीम ने द्वितीय तथा करैरा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार समूह गान/संगीत प्रतियोगिता में नरवर के गौरा कुशवाहा एवं साथियों ने प्रथम, बदरवास की शिक्षा जाटव एवं साथियों ने द्वितीय तथा शिवपुरी की सेठानी यादव एवं साथियों ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अन्य स्पर्धाएँ मेहंदी में करैरा की सोफिया अली (प्रथम), बदरवास की मुस्कान यादव (द्वितीय) व कोलारस की पूनम यादव (तृतीय); रंगोली में करैरा की अंजलि लोधी (प्रथम), नरवर की कंचन मौर्य (द्वितीय) व नरवर की पूजा कुशवाहा (तृतीय); संगीत में बदरवास की गायत्री दांगी (प्रथम), पोहरी की कृष्णा शर्मा (द्वितीय) व पिछोर की किरण पाल (तृतीय); चम्मच रेस में शिवपुरी की छवि बाथम (प्रथम), शिवपुरी की विनीता जादौन (द्वितीय) व खनियाधाना की कीर्ति यादव (तृतीय) तथा अन्य स्पर्धाओं में वंदना यादव, हेमा जाटव विजयी रहीं।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक श्री अरविंद भार्गव, जिलाध्यक्ष श्री जसमंत जाटव, श्री हरवीर रघुवंशी, श्री लवलेश जैन, श्री विपुल जैमिनी, श्री योगेंद्र रघुवंशी, श्री कौशल शर्मा एवं श्री वीरेंद्र रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।