लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित होगी। कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘सरदार पटेल और राष्ट्रीय एकता’ तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत के शिल्पी-सरदार पटेल’ विषय निर्धारित किया गया है।
अपर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र सीधी को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विकासखंड से तीन-तीन उत्कृष्ट निबंधों का चयन कर 30 अक्टूबर 2026 तक कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
जिला स्तरीय कार्यक्रम 31 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे संजय गांधी महाविद्यालय में आयोजित होगा। इसमें चयनित विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।