जिले में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। ज़िले में अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत विषय पर पहले चरण में विद्यालय स्तर पर चित्रकला/भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मेरे सपनों का भारत विषय के द्वितीय चरण में 21 सितंबर को विद्यालय स्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन तथा तृतीय चरण में ज़िला स्तर पर 26-सितंबर को ज़िला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाना है।
प्रथम चरण अन्तर्गत मन्दसौर ज़िले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा ‘’मेरे सपनों का भारत’’ एवं ‘’विकसित भारत’’ की संकल्पना पर अपनी अभिव्यक्तियों को काग़ज़ पर उकेरा गया तथा विकसित भारत की संकल्पना को किस प्रकार मूर्त रूप दिया जा सकता है, इस बारे में अपने विचार व्यक्त किए गए।
उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों द्वारा विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए तकनीकी से ज़्यादा ध्यान ‘पृथ्वी बचाओ’, ‘जल संरक्षण’, ‘ग्लोबल वॉर्मिंग’, ‘बेटी बचाओ’ एवं ‘वृक्षारोपण’ जैसी अवधारणाओं पर दिया गया। विद्यार्थियों में इस प्रकार की सोच निश्चित ही एक उन्नत भविष्य का संकेत देती है।
‘’सेवा-संकल्प अभियान’’ के इस प्रथम चरण के अवसर पर ज़िले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों को भी आमन्त्रित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों की कला एवं वाक-कौशल की मुक्तकण्ठ से सराहना की गयी।
