कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों की पहचान, चिकित्सकीय परीक्षण एवं पुनर्वास के उद्देश्य से 13 अक्टूबर 2026 से 7 जनवरी 2027 तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में संभावित दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण कर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं विशिष्ट दिव्यांगता पहचान-पत्र (यूडीआईडी कार्ड) जारी करने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण, पेंशन एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। शिविरों के सुचारु एवं सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, सामाजिक न्याय तथा नगरीय निकायों सहित संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं।
सामाजिक न्याय विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्धारित कार्यक्रम के तहत पोरसा जनपद के क्लस्टर ग्राम खेरली में 22 अक्टूबर, रछेड़ में 23 अक्टूबर तथा जनपद पंचायत पोरसा में 27 अक्टूबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे। जनपद अंबाह के दिमनी हॉस्पिटल में 28 अक्टूबर, ऐसाह में 29 अक्टूबर तथा खिरेंटा में 30 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में अंबाह जनपद के ग्राम किर्रायच हॉस्पिटल में 2 नवंबर, कमतरी में 3 नवंबर, खड़ियाहार हॉस्पिटल में 4 नवंबर तथा सिविल हॉस्पिटल में 5 नवंबर को शिविर आयोजित होंगे।
मुरैना जनपद की ग्राम पंचायत मेहटोली में 6 नवंबर, बिचौला में 10 नवंबर, बसैया में 12 नवंबर, नावली बड़ागांव में 13 नवंबर, पिपरई में 16 नवंबर, सिकरौदा में 17 नवंबर, देवरी में 18 नवंबर, करुआ में 19 नवंबर, गंजरामपुर में 20 नवंबर, रिठौराकलां में 23 नवंबर तथा नूराबाद में 25 नवंबर को स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएंगे।
जौरा जनपद के ग्राम खनेता में 26 नवंबर, सुमावली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 27 नवंबर, अलापुर में 30 नवंबर, बिलगांव चौधरी में 1 दिसंबर, छैरा में 2 दिसंबर, बागचीनी में 4 दिसंबर तथा खांडोली में 7 दिसंबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कैलारस जनपद के ग्राम नेपरी में 8 दिसंबर, शहदपुर में 9 दिसंबर, मामचौन में 10 दिसंबर, सुजरमा में 11 दिसंबर, हटीपुरा में 14 दिसंबर, रीझोनी में 15 दिसंबर, कोट सिरथरा में 16 दिसंबर, दीपेरा में 17 दिसंबर, पहाड़गढ़ में 18 दिसंबर, चिन्नोनी चंबल में 21 दिसंबर, बघेल में 22 दिसंबर, परसोटा में 23 दिसंबर, सेंथरी में 24 दिसंबर तथा सुजानगढ़ी में 28 दिसंबर को स्क्रीनिंग शिविर आयोजित होंगे।
इसी प्रकार सबलगढ़ जनपद की ग्राम पंचायत टेंटरा में 29 दिसंबर तथा रामपहाड़ी में 30 दिसंबर को शिविर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तोर में 4 जनवरी 2027, किशोरगढ़ में 5 जनवरी, कुल्होली में 6 जनवरी तथा रामपुरकलां में 7 जनवरी 2027 को स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं, पुनर्वास सुविधाएं, सहायक उपकरण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों को शासकीय सुविधाओं से जोड़ने तथा उनके जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

