विकासखंड खालवा के ग्राम मातापुर निवासी श्री लोकुश और श्रीमती मालती के 15 माह के पुत्र दिव्यांश को पोषण पुनर्वास केंद्र रोशनी में बेहतर उपचार मिला। कुपोषण की श्रेणी में भर्ती दिव्यांश को मात्र 13 दिनों के विशेष उपचार और पोषण प्रबंधन के बाद स्वस्थ होने पर केंद्र से छुट्टी दे दी गई। एनआरसी रोशनी में चिकित्सक डॉ. संतोष मोरे ने बताया कि भर्ती के समय कमजोर स्थिति में आए दिव्यांश का वजन 6.005 किलोग्राम, ऊंचाई 71 सेंटीमीटर और बांह का घेरा महज 11.5 सेंटीमीटर था।
एनआरसी रोशनी में चिकित्सक डॉ. संतोष मोरे द्वारा नियमित जांच कर उपचार किया गया। पोषक प्रशिक्षक श्रीमती ममता श्रीवास की देखरेख में प्रोटोकॉल अनुसार समय-समय पर पोषण आहार दिया गया। गुणवत्तापूर्ण पोषण से बच्चे की सेहत में तेजी से सुधार हुआ और छुट्टी के समय वजन बढ़कर 6.920 किलोग्राम हो गया। महज 13 दिनों में वजन में 915 ग्राम की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि बांह का घेरा 12 सेंटीमीटर हो गया। एनआरसी में रहने के दौरान बच्चे की माता श्रीमती मालती को भी खाद्य सामग्रियों से पौष्टिक बाल आहार तैयार करने और स्वच्छता बनाए रखने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया, ताकि घर जाने के बाद भी बच्चे का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे। बच्चे के स्वस्थ होने पर माता-पिता ने एनआरसी रोशनी के स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनआरसी में मिली सुविधाओं के कारण आज उनका बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।
