कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में मेरा युवा भारत के तत्वाधान में माय भारत जिला सलाहकार समिति एवं माय भारत जिला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, एनएसएस एवं एनसीसी के नोडल अधिकारी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नोडल अधिकारी तथा सचिव, भारत रेडक्रॉस सोसाइटी सहित समिति के सदस्य मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जिले के युवाओं को ‘माय भारत’ की विभिन्न गतिविधियों से अधिक से अधिक जोड़ने तथा युवा शक्ति को रचनात्मक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सहभागी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ युवाओं तक योजनाओं, कार्यक्रमों एवं अवसरों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाया जा सकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में समिति के सदस्य सचिव एवं जिला युवा अधिकारी श्री उमंग कुमार जैन ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने माय भारत पोर्टल पर संचालित होने वाली राष्ट्रीय एवं जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिताओं, युवा पंजीयन अभियान तथा विभिन्न डिजिटल युवा पहलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने सभी विभागों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में ‘माय भारत’ पोर्टल से जोड़ने तथा उन्हें विभिन्न युवा गतिविधियों में सहभागी बनाने का आह्वान किया।